ईडी दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस समर्थकों का हंगामा, हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्ता

कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। 
 | 
राहुल गांधी
कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री पर निशाना साधा है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी बीजेपी पर निशाना साधा।

नई दिल्ली : नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर पहुंच चुके हैं। राहुल को छोड़ने के लिए बहन प्रियंका भी साथ में थीं। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज भी राहुल के समर्थन में जमकर हंगामा किया। यह लगातार तीसरे दिन उनकी ईडी के सामने पेशी है। वहीं कांग्रेस दफ्तर के बाहर बवाल शुरू हो चुका है। कई कांग्रेस कार्यकर्ता यहां जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की।

कांग्रेस दफ्तर में दाखिल हुई पुलिस

पुलिस कांग्रेस दफ्तर के अंदर दाखिल हो गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस कांग्रेस ऑफिस के अंदर मारपीट कर रही है। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है। वहीं कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। 

ये 8 साल का काला अध्याय- गहलोत

राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि ये 8 साल का काला अध्याय है, इतिहास में इस 8 साल को अगर देखा जाएगा तो ये काला अध्याय के रूप मे देखा जाएगा क्योंकि इसमें संवैधानिक धज्जियां उड़ रही है, लोकतंत्र खतरे में हैं और पूरे देशवासी बहुत दुखी हैं और तनाव में हैं।

ऐसी स्थिति पहले नहीं हुई- बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पूरे देश में जो हालात है वो सबके सामने हैं। तीन दिन से हम लोग दिल्ली में है और पहले दिन 200 लोगों को अनुमति दी गई, कल कुछ नेताओं को अनुमति दी गई और आज तो हद हो गई कि हम अपने स्टाफ को भी नहीं ला सकते हैं। किस प्रकार से हम पार्टी कार्यालय में पहुंचे...ऐसी स्थिति पहले नहीं हुई थी।

सोनिया गांधी से मिले थे राहुल गांधी

बतादें कि मंगलवार देर रात 1.30 बजे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे थे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 12 जून को कोविड से संबंधित शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Latest News

Featured

Around The Web