FBI की 'मोस्ट वॉन्टेड मिसिंग' लिस्ट में वडोदरा की मायुषी भगत का नाम, तीन साल पहले जर्सी सिटी से हुई थीं लापता

वडोदरा- न्यूजर्सी से पिछले तीन वर्षों से लापता वडोदरा की 28 वर्षीय भारतीय मायुषी भगत का नाम 'मोस्ट वॉन्टेड मिसिंग पर्सन' की लिस्ट में शामिल किया है।मायुषी इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए 2016 में अमेरिका गई थीं। मायुषी को आखिरी बार 29 अप्रैल, 2019 की शाम को न्यूजर्सी की जर्सी सिटी में अपने अपार्टमेंट से निकलते हुए देखा गया था।
इस दौरान वे कलर्ड पैंट और ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहने हुई थीं। मायुषी के पिता ने 1 मई 2019 यानी की उनके लापता होने के दो दिन बाद गुमशुदी की शिकायत दर्ज कराई थी।
गुजरात के वडोदरा शहर ओम नगर सोसायटी में रहने वाली मायुषी ने वडोदरा इंस्टिट्यूट ऑफ इंजिनियरिंग से ग्रेजुएशन किया था। अमेरिका में पहले मायुषी ने यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू हैंपशर में दाखिला लिया था बाद में उन्होंने न्यू यॉर्क इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी में ट्रांसफर करा लिया था।
परिवार का वडोदरा में अजवा रोड स्थित ओम नगर सोसायटी में घर है, जहां विकास भगत की दादी सरस्वती रहती हैं। इस बारे में सरस्वती का कहना है कि 'मायुषी अचानक कहां चली गई, इसका किसी को पता नहीं। बेटे ने मुझे फोन पर उसके गुम हो जाने सूचना दी थी। सरस्वती ने यह भी बताया कि बेटा पत्नी के साथ भारत लौटने का मन बना रहा था, लेकिन इसी दौरान मायुषी लापता हो गई तो विकास वहीं रहते हुए अब तक बेटी की तलाश कर रहे हैं।
मायुषी के पिता विकास भगत पहले वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में काम कर चुके हैं। मायुषी के अमेरिका जाने के कुछ समय बाद मायुषी का परिवार भी अमेरिका में बस गया था। जिसमें मयुषी के पिता विकासभाई, मां दीप्तिबेन और भाई पूर्वित हैं। विकास ने ही 1 मई को सुबह को जर्सी सिटी पुलिस को मायुषी के गायब होने की जानकारी दी थी। बेटी से उनकी आखिरी बातचीत वॉट्सऐप पर उस रात 12.30 बजे हुई थी।