किसानों के लिए खुशखबरी! मोदी सरकार ने खरीफ फसलों के MSP को दी मंजूरी

नई दिल्ली : मोदी कैबिनेट ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए खरीफ फसलों के एमएसपी को बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। बुधवार को हुई मोदी सरकार की आर्थिक मामलों की मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। इस फैसले के बाद साल 2022-23 के लिए खरीफ की फसलों जैसे धान, सोयाबीन, मक्का आदि फसलों का MSP बढ़ जाएगा और किसानों को अपनी फसल की ज्यादा कीमत मिलेगी। बता दें कि फिलहाल 2021-22 के लिए धान का एमएसपी 1940 रुपये प्रति क्विंटल है।
सूत्रों की मानें तो साल 2022-23 के लिए खरीफ फसलों के MSP में 5 से 20% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले, रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है। हमारे पास दिसंबर तक घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए यूरिया का भंडार है। हमें दिसंबर तक आयात करने की जरूरत नहीं है। मंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही 16 लाख टन यूरिया का आयात कर चुकी है, जिसे अगले 45 दिनों में भेज दिया जाएगा।
जानिए क्या है MSP
न्यूनतम समर्थन मूल्य वह न्यूनतम मूल्य है जिस पर सरकार, किसानों से फसल खरीदती है। जिससे नीचे किसानों को उनकी फसलों के लिए भुगतान नहीं किया जाता। सरकार की तरफ से कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिश पर साल में दो बार न्यूनतम समर्थन मूल्य का ऐलान रबी और खरीफ के मौसम में किया जाता है। जबकि गन्ने का समर्थन मूल्य गन्ना आयोग तय करता है। बता दें कि किसी भी फसल का एमएसपी इसलिए तय किया जाता है ताकि किसानों को उनकी फसल के लिए किसी भी हालत में एक वाजिब न्यूनतम मूल्य मिलता रहे।