देश में बदलते मौसम का कहर, कहीं बारिश तो कहीं गर्मी से परेशान लोग

महाराष्ट्र के मुंम्बई मे मूसलाधार बारिश की वजह से दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं के चलते राज्य में 1 जून से अब तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। कई नदियों का बहाव तेज हो गया है जिससे कइ इलाकों में पानी जमा हो गया है। जलभराव के चलते सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है।
वहीं, गुजरात में अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों में 6 लोगों की जान चली गई है। आलम ये रहा कि राहत और बचाव कार्य के लिए हेलीकाप्टर और एनडीआरएफ के जवान को तैनात करना पड़ा। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात भी की। राज्य में बारिश और बाढ़ के कारण मौत का आंकड़ा बढ़कर 69 हो गया है।
उत्तराखंड में भी मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। कई सड़कें टूट गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी बुधवार को भी देहरादून समेत पांच जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। चमोली जिले में बुधवार को बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे को बंद कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश के भी कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को पूरे दिन बारिश होती रही। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा मे भारी बारिश के कारण गजपति जिले के नुआगड़ ब्लाक के नुआपल्ली गांव में पहाड़ की चट्टान खिसकने से सात घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। अगले 24 घंटे में इसके और अधिक सक्रिय होने की सम्भावना है।
आन्द्र प्रदेश मे दावरी नदी में बाढ़ आ गई है। नदी किनारे बसे गांवों में पानी भर गया है। रेस्क्यू आपरेशन चलाकर 9,600 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। कोनसीमा के जिला कलेक्टर हिमांशु शुक्ला ने कहा कि 10 राहत शिविर खोले हैं। इन शिविरों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।