दिल्ली के रहने वाले थे मशहूर सिंगर केके, अपने बचपन के प्यार से की थी शादी

केके दिल्ली के माउंट सेंट मैरी स्कूल के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कालेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की थी। केके ने 1991 में अपने बचपन के प्यार ज्योति कृष्णा से शादी की थी
 
केके के लोकप्रिय गीतों में हम दिल दे चुके सनम (1999) का 'तड़प तड़प के इस दिल से', तमिल गीत 'अपाडी पोडु', 'डोला रे डोला' देवदास (2002), 'क्या मुझे प्यार है' वो लम्हे... ( 2006), ओम शांति ओम (2007) से 'आंखों में तेरी', बचना ऐ हसीनों (2008) से 'खुदा जाने', आशिकी 2 (2013) से 'पिया आए ना', मर्डर 3 (2013) से 'मत आजमा रे', हैप्पी न्यू ईयर (2014) से 'इंडिया वाले' और बजरंगी भाईजान (2015) से 'तू जो मिला' आदि कई मशहूर गाने गाए थे।

दिल्ली.  बेहद लोकप्रिय पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के असामयिक निधन के दुख से उबरे भी नहीं थे कि अब संगीत के क्षेत्र से एक और दुखद खबर आ गयी। हिंदी सिनेमा के जाने-माने सिंगर केके यानी कृष्णकुमार कुन्नथ का कोलकाता में लाइव परफॉर्मेंस के बाद निधन हो गया। केके 53 साल के थे।

सिंगर केके का पूरा नाम कृष्णकुमार कुन्नथ था। 23 अगस्त 1968 को एक हिंदू मलयाली माता-पिता सी. एस. मेनन और कुनाथ कनकवल्ली के घर दिल्ली में उनका जन्म हुआ था। दिल्ली में ही उनकी परवरिश हुई थी। केके दिल्ली के माउंट सेंट मैरी स्कूल के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कालेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की थी। केके ने 1991 में अपने बचपन के प्यार ज्योति कृष्णा से शादी की थी। उनका एक बेटा नकुल कृष्ण कुन्नथ और एक बेटी तमारा कुन्नथ है।

बालीवुड में कदम रखने से पहले केके ने 3,500 जिंगल गाए थे। उन्होंने 1999 के क्रिकेट विश्व कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थन के लिए 'जोश आफ इंडिया' नाम का गाना गाया था। इस गाने में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े सदस्य शामिल हुए थे। इसके बाद केके ने म्यूजिक एलबम 'पल' से बतौर गायक अपने करियर की शुरुआत की थी। इसकी सफलता के साथ ही उनके लिए बालीवुड के दरवाजे खुल गए थे।

केके ने हिंदी समेत कई भाषाओं में गाने गाए थे। केके ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, बंगाली, असमिया, गुजराती और हिंदी भाषाओं में गाने गए थे। केके 2000 के दशक के सबसे सफल भारतीय गायकों में से एक थे। उन्होंने 700 से अधिक गाने रिकार्ड किए थे।