भ्रष्टाचार में गिरफ्तार IAS संजय पोपली के बेटे की मौत, कार्तिक की मां बोलीं- बेटे का हुआ मर्डर, जाऊंगी अदालत

चंडीगढ़: भ्रष्टाचार के मामले में फंसे आई.ए.एस. संजय पोपली के बेटे कार्तिक की आज गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद संजय पोपली की पत्नी ने विजिलेंस पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि विजिलेंस ने उनके 27 साल के बेटे की गोली मार कर हत्या की है। कार्तिक पोपली की शनिवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कार्तिक के सिर में गोली लगी है। कार्तिक को 7.62 एमएम की गोली लगी है।
कार्तिक की मां ने मान सरकार पर आरोप लगते हुए कहा कि उनके परिवार को झूठे आरोपों में फंसाया गया है जिसके चलते उनका पूरा परिवार तबाह हो गया। उन्होंने कहा कि मान सरकार झूठी और भ्रष्ट है। जो अधिकारी सी एम मान को महीना देते हैं उनपर कोई कार्यवाही नहीं होती। कार्तिक की मां ने कहा कि विजिलेंस द्वारा उनके बेटे कार्तिक पोपली को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। विजिलेंस के मुलाजिमों ने ही बेटे को गोली मारी है। ये लोग हमारे साथ ऐसे कर सकते हैं तो आम जनता के साथ क्या कर सकते हैं।
परिवार का कहना है कि रिकवरी करने आई विजिलेंस की टीम ने संजय पोपली और उनके अन्य पारिवारिक सदस्यों के नीचे रखा जबकि उनके बेटे कार्तिक को ऊपर दूसरी मंजिल पर ले जाया गया और उसपर गोली चला दी गई। कार्तिक की मां ने कहा कि विजिलेंस अधिकारियों और पंजाब सरकार को अदालत लेकर जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह अपने हाथों पर लगे बेटे के खून को तब तक नहीं धोएंगी जब तक वह आरोपी पुलिस अफसरों की वर्दी नहीं उतरवा देती।
कार्तिक की मां ने विजिलेंस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान परिवार ने भी विजिलेंस पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास विजिलेंस के खिलाफ पुख्ता सबूत थे पर विजिलेंस ने उन सबूतों को तबाह कर दिया। परिवार ने कहा कि विजिलेंस पर एंटी करप्शन मुहिम के कारण दवाब डाला गया जिसके चलते उन्होंने संजय पोपली को जबरदस्ती इस मामले में फंसाया हैं।
पुलिस ने कार्तिक की मां के सभी आरोपों का खंडन किया है। पुलिस ने कहा कि पोपली के बेटे ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है। पिस्टल सील कर दी गई है। पुलिस उसकी बैलिस्टिक जांच करवाएगी। वहीं संजय पोपली की पत्नी ने डीएसपी वरिंदर गोयल पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया। बता दें कि कार्तिक लॉ का स्टूडेंट था। जो फिलहाल आईएएस की तैयारी कर रहा था। सूचना मिलते ही एसएसपी कुलदीप चहल सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।