हरियाणा में आज एक दूसरे को चुनौती देंगे 2 सीएम और 1 पूर्व सीएम

उत्तर, मध्य और दक्षिण हरियाणा में आज तीन बड़े राजनीतिक कार्यक्रम हैं।
 | 
MANOHAR LAL, ARVIND KEJRIWAL, BHUPENDER HOODA
हरियाणा में आज तीन दिग्‍गज नेताओं की रैलियां होंगी। मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल एक-दूसरे को चुनौती देते हुए नजर आएंगे।

हरियाणा के रण में आज तीन दिग्गज एक दूसरे को चुनौती देने के लिए उतरे हैं। आज का दिन हरियाणा की राजनीति के लिए खास रहने वाला है। उत्तर, मध्य और दक्षिण हरियाणा में आज तीन बड़े राजनीतिक कार्यक्रम हैं। जिनसे राज्‍य में स्‍थानीय निकाय चुनाव से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्मा जाएगा।

सीएम मनोहर की सिरसा और गुरुग्राम में दो बड़ी रैलियां

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की आज दो बड़ी रैलियां हैं। उनकी पहली रैली सिरसा तो दूसरी गुरुग्राम में हैं। इन दोनों रैलियों में सीएम मनोहर लाल अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब देने के साथ ही कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले ये रैलिया काफी अहम मानी जा रही है।

फतेहाबाद में पूर्व सीएम हुड्डा दिखाएंगे दम

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपना शक्ति प्रदर्शन फतेहाबाद में दिखाएंगे। हुड्डा यहां अपनी पार्टी के विधायकों के साथ विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम के जरिये गठबंधन सरकार पर निशाना साधेंगे। बता दें कि हुड्डा लोकसभावार ऐसे आयोजन कर रहे हैं। सिरसा उनका पांचवा लोकसभा क्षेत्र है, जिसमें फतेहाबाद आता है।

कुरुक्षेत्र में सीएम केजरीवाल की हरियाणा बदलो रैली

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज कुरुक्षेत्र में रैली कर हुंकार भरेंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा बदलो रैली करने जा रहे हैं। उन्होंने रैली को नाम ही अब बदलेगा हरियाणा दिया है। इसके जरिये वह आम आदमी पार्टी और खुद के लिए भी प्रदेश की जनता से एक मौका मांगेंगे। आप के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का कहना है कि उनकी रैली को विफल करने के लिए बीजेपी, कांग्रेस ने रविवार को ही अपने कार्यक्रम रखे हैं। बावजूद इसके दोनों ही दलों की रैलियों से आप की रैली में अधिक भीड़ जुटेगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि रैली में पंजाब के सीएम भगवंत मान भी शामिल हो सकते हैं।

Latest News

Featured

Around The Web