आज से नौतपा शुरु, इस बार हरियाणा में नहीं दिखेगा नौतपा का असर

जानिए क्या होता है नौतपा, कैसा रहेगा इस बार हरियाणा में नौतपा का असर 

 | 
WEATHER
बीते चार दिनों में लगातार आए दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशवासियों को मिली गर्मी से राहत। बारिश की वजह से मैदानी राज्यों में आई तापमान में गिरावट। वहीं इस बार हरियाणा के लोगों को नहीं सताएगा नौतपा।

हरियाणा -  आज से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। इस बार नौतपा की खास बात यह है कि पश्चिमी हलचल की वजह से बीते सालों की तरह इस बार नौतपा हरियाणा को प्रभावित नहीं कर पाएगा। हाल में दो बार आए पश्चिमी विक्षोभ ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दिलवाई है। वहीं आज भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। पिछले चार दिनों में लगातार आए दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली, एनसीआर और हरियाणा  में पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।

28 मई तक आएगा एक और पश्चिमी विक्षोभ....

आईएमडी के मुताबिक सब कुछ ठीक रहा और मौसम इसी प्रकार चला तो प्रदेश में 28 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ में बारिश होगी या नहीं इस बारे में अभी कुछ कह पाना मुश्किल है क्योंकि मौसम विज्ञानियों के अनुसार बुधवार के बाद इसकी स्थिति स्पष्ट होगी।

नौतपा में नहीं सताएगी गर्मी...

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस बार नौतपा में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी क्योंकि इस बार तापमान पहले ही पूराने सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है। उसका कारण यह रहा कि इस बार मार्च व अप्रैल में कम संख्या में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए, जिससे वातावरण में नमी की मात्रा काफी कम रही।

क्या होता है नौतपा...

नौतपा के नौ दिन सूर्य देव प्रचंड स्वरूप में रहते हैं। इस दौरान सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में आते हैं और भीषण गर्मी का एहसास कराते हैं। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही धरती का तापमान बढ़ जाता है। 25 मई को यानि आज जेष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि है। इस स्थिति से ही नौतपा की शुरुआत होती है। नौतपा में 9 दिन तक सूरज की तपिश बढ़ जाती है। इस दौरान तापमान बढ़ने से गर्मी आंधी तूफान आने के आसार भी ज्यादा होते हैं।

कब तक रहेगा नौतपा का असर...

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक जब सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर जाता है तो नौतपा शुरू हो जाता है। सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में 25 मई से लेकर 8 जून 2022 तक रहेंगे, लेकिन शुरुआत के 9 दिनों में सबसे ज्यादा गर्मी रहती है। नौतपा में सूरज की गर्मी से पूरी धरती तपती है। इस दौरान दिन के समय यात्रा करने से बचना चाहिए। अधिक मिर्च मसाले और तेल वाली चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। नौतपा के दौरान हल्का भोजन करना चाहिए जो आसानी से पच सके। पानी की अधिक मात्रा में सेवन करना चाहिए शरीर में पानी की कमी न हो।

Latest News

Featured

Around The Web