पानीपत की धागा फैक्टरी में लगी भयानक आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची

दमकल कर्मियों ने आसपास की फैक्ट्रियों की बिल्डिंग पर चढ़कर आग बुझाने की कोशिश की।
 | 
पानीपत
पानीपत की धागा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जिंदल यार्न नाम की फैक्टरी में सुबह कर्मचारी काम कर रहे थे। करीब 11 बजे रैग मशीन से चिंगारी निकली, जिसकी वजह से कच्चे माल में आग लग गई।

पानीपत :  हरियाणा के पानीपत में धागा फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित धागे की फैक्टरी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आग लग गई। आग लगने की वजह मशीन से निकली चिंगारी बताई जा रही है। आग लगने के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग पर काबू ना पा सके। आग को बढ़ता देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। जिसके बाद मौके पर कुल 8 दमकल की गाड़ियां पहुंची।

फैक्टरी के मालिक अमित जिंदल ने बताया कि उसकी जिंदल यार्न के नाम से धागा बनाने की फैक्टरी है। फैक्टरी में सुबह कर्मचारी काम कर रहे थे। करीब 11 बजे रैग मशीन से चिंगारी निकली, जिसकी वजह से कच्चे माल में आग लग गई। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को कॉल कर सूचना दी। आग लगने से कितना नुकसान हुआ अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। दमकल विभाग की चार गाड़ियां मुख्य ऑफिस से आग बुझाने में जुटी हुई थी। आग की बढ़तीं लपटें देखकर दो गाड़ियां एनएफएल और दो गाड़ियां लाल बत्ती ऑफिस से मंगाई गई।

देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। जिसके बाद दमकल कर्मियों तक के लिए फैक्ट्री के अंदर जाकर मुश्किल हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आसपास की फैक्ट्रियों की बिल्डिंग पर चढ़कर आग बुझाने की कोशिश की। इसके अलावा फैक्ट्री की दो दीवारों को भी तोड़ना पड़ा।  

Latest News

Featured

Around The Web