राष्ट्रपति चुनाव की काउंटिंग आज, द्रौपदी मुर्मू की जीत तय!

भारत देश को आज से 15 साल पहले 21 जुलाई को ही पहली महिला प्रेसिडेंट मिली थी.
 | 
द्रोपदी मुर्मू
आज संसद भवन में 15वें राष्ट्रपति पद के लिए हुए मतदान की गणना की जाएगी. इसमें एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है. आज सुबह 11बजे संसद भवन में मतगणना शुरू हो जाएगी.

नई दिल्ली – भारत देश को आज अपना 15वां राष्ट्रपति (President) मिल जाएगा. राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को हुए मतदान के बाद आज 21 जुलाई को गुरुवार के दिन सुबह 11 बजे संसद भवन (Parliament House) में मतगणना शुरू हो जाएगी. एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (NDA presidential candidate Droupadi Murmu) की चुनाव में जीत लगभग तय मानी जा रही है.

राष्ट्रपति चुनाव में अगर द्रौपदी मुर्मू जीत हासिल करती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी. बता दें कि आज से 15 साल पहले 21 जुलाई के दिन देश को पहली महिला राष्ट्रपति मिली थी. 15 साल पहले 21 जुलाई के दिन देश को प्रतिभा देवीसिंह पाटिल के रूप में पहली महिला राष्ट्रपति मिलीं थीं.

प्रतिभा देवीसिंह पाटिल देश की 12वीं राष्ट्रपति बनीं और 2007-2012 तक अपना कार्यकाल पूरा किया. 21 जुलाई 2007 को हुई राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में प्रतिभा देवीसिंह पाटिल विजयी रहीं थी. जिसके बाद 25 जुलाई 2007 को उन्हें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई थी. वह देश का यह सर्वोच्च संवैधानिक पद ग्रहण करने वाली पहली महिला थीं.

अब एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू इस चुनाव को जीत कर देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने के साथ ही पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी. बता दें कि फिलहाल देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे.

चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज्य सभा के सचिव जनरल पी.सी. मोदी गुरूवार को मतगणना की निगरानी करेंगे, शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है. सभी राज्यों से मतपत्र संसद भवन लाए जा चुके हैं. चुनाव अधिकारी संसद के कमरा संख्या 63 में मतगणना के लिए तैयार हैं. इस कक्ष में मतपत्रों की चौबीस घंटे कड़ी सुरक्षा की जा रही है.

पीएम मोदी पहले सांसदों के सभी मतों की गिनती के बाद चुनावी रुझानों के बारे में जानकारी देंगे और फिर 10 राज्यों के वोटों की वर्णानुक्रम में गिनती के बाद फिर से जानकारी शेयर करेंगे. बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन समेत 31 स्थानों और विधानसभाओं के भीतर 30 केंद्रों पर सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच मतदान हुआ था.

Latest News

Featured

Around The Web