कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया ने खोया आपा, सुपरवाइजर को सबके सामने जूते से पीटा, जानिए वजह

वीडियो वायरल होने के बाद सुपरवाइजर को पीटने की घटना सामने आई। इस मामले पर सुपरवाइजर ने कुछ भी कहने से इनकार किया है।
 | 
कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया
कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक जूते से सुपरवाइजर को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो करीब 5 दिन पहले का बताया जा रहा है।

झाबुआ : मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया एक बार फिर विवादों में घिर गए है। दरअसल झाबुआ जिले के थांदला से विधायक वीर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक जूते से सुपरवाइजर को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी अनुसार विधायक नल जल योजना में बन रही टंकी के कार्य का निरीक्षण करने गए थे, इस दौरान वह टंकी बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता देखकर भड़क उठे और गुस्से में सबके सामने सुपरवाइजर को जूते से पीटने लगे। वीडियो करीब 5 दिन पहले गांव कचलदरा का बताया जा रहा है।

विधायक को बुधवार को जिला मुख्यालय में पंचायत चुनाव के लिए आयोजित कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में शामिल होना था, लेकिन विधायक बैठक से नदारत रहे, जबकि बैठक में पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधो, पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधायक कांतिलाल भूरिया शामिल हुए थे। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद सुपरवाइजर को पीटने की घटना सामने आई। फिलहाल इस मामले पर सुपरवाइजर ने कुछ भी कहने से इनकार किया है। वहीं, झाबुआ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी वायरल वीडियो पर फिलहाल कुछ कहने से मना कर रहे हैं, उनका कहना है कि विधायक से बात करने के बाद ही कुछ कह सकेंगे।

बता दें कि थांदला विधायक वीर सिंह भूरिया पहले भी अपना आपा खो चुके हैं। जब कांग्रेस सरकार के दौरान 2019 में बाइक पर तीन सवारी बैठा देख पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चालान बना दिया था, तो विधायक ने पुलिस अधिकारी को तबादला करने की धमकी दी थी। वहीं  वीर सिंह भूरिया अपनी पार्टी के नेताओं को लेकर भी विवादित बयान दे चुके हैं। श्योपुर में 2020 में एक सभा के दौरान उन्होंने कहा था कि जो नेता कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टियों में गए हैं, उन्हें जूते पड़ रहे हैं। वहीं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को लेकर थांदला विधायक ने कहा था कि 85 साल का डोकरा इधर-उधर घूमता रहता है।

Latest News

Featured

Around The Web