‘गोबर पर भी ‘GST’ क्यों नहीं लगा देते?अखिलेश यादव का BJP पर वार

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के प्रमुख व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने जीएसटी के मुद्दे पर एक बार फिर से बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी दूध, दही, घी पर जीएसटी लगा रही है लेकिन गोबर पर क्यों नहीं लगा रही? हमारे मुख्यमंत्री को गोबर बहुत पसंद है।
जीएसटी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि, ‘जन्माष्टमी से पहले बीजेपी ने लोगों को गजब का उपहार दिया है। जो कृष्ण भक्त हैं, वह जन्माष्टमी ना मना पाएं। इसके लिए उन्होंने दूध, दही और घी पर जीएसटी लगा दी है। ये पहली ऐसी पार्टी है, जो दूध और दही पर भी टैक्स लगा रही है।’ उन्होंने आगे कहा कि गोबर पर टैक्स क्यों नहीं लगाया जा रहा है? हमारे मुख्यमंत्री जी को गोबर बहुत पसंद है।
अमित शुक्ला नाम के एक ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि बिना सिर पैर की बात करने के कारण ही आप सत्ता में नहीं आ पा रहे हैं। आलोक पाठक लिखते हैं, ‘ये अखिलेश यादव ही हैं, जो मुस्कुरा मुस्कुरा कर बीजेपी की सच्चाई का आईना दिखा रहे हैं।’ नवल नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि उत्तर प्रदेश में आपकी दाल गलने वाली नहीं है, जल्द से जल्द आप कहीं और चले जाइए नहीं तो ईडी आएगी तो तकलीफ होगी। आय से ज्यादा संपत्ति मोदी और योगी को पसंद नहीं है।अभिषेक मिश्रा नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि ‘इन्हें तो यही नहीं समझ में आता है कि क्या बोलना चाहिए? इनकी वजह से ही पार्टी पूरी तरह से गर्त में जा रही है, कृष्ण के वंशज कब से गाय के गोबर से घृणा करने लगे हैं।’ अरविंद तिवारी नाम की एक यूजर ने कमेंट किया – ‘ये महोदय पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।’ नीतू सिंह नाम की एक यूजर लिखती हैं, ‘ गोबर तो हम सब हिंदुओं को पसंद है क्योंकि हम अपनी सारे शुभ कार्यों में गोबर का उपयोग करते हैं।’
अखिलेश यादव ने जीएसटी बढ़ने पर हाल में ही एक ट्वीट के जरिए भी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि आज से आटा, दही, पनीर से लेकर ब्रेड, इलाज और सब पर सब पर जीएसटी की जो मार आम जनता पर पड़ी है। उस से दुखी होकर जीएसटी का एक नया भाव अर्थ सामने आया है। ‘गई सारी तनख्वाह’। गौरतलब है कि देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है।