सिद्धू के परिवार को नहीं पंजाब पुलिस की जांच पर भरोसा, सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे भगवंत मान

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गांव वाले पंजाब सरकार का विरोध कर रहे हैं। गांव वाले पंजाब सरकार को हत्या के लिए जिम्मेदार मानते हैं।
 | 
सिद्धू मूसेवाला
सिद्धू मूसेवाला के परिवार को पंजाब पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है इसलिए पिता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनके बेटे की हत्या में केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है। वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी मूसेवाला के घर पहुंचे।

मानसा : सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है। लोगों में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार के खिलाफ गुस्सा है। वहीं अब पंजाब के सीएम भगवंत मान सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिलने उनके घर पर पहुंचे हैं। भगवंत मान के मूसेवाला गांव में पहुंचने को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि घटना के बाद मूसेवाला के परिवार से मिलने के लिए कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल के वरिष्ठ नेता पहुंचे लेकिन AAP के भगवंत मान के देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की

सीएम के गांव पहुंचने पर लोगों ने किया प्रदर्शन

पंजाब के सीएम भगवंत मान सिद्धू के गांव पहुंचे तो लोगों ने वहां प्रदर्शन करना शुरू कर दी। भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई और बड़ी मुश्किल से भगवंत मान सिद्धू मूसेवाला के घर तक पहुंच सके। मूसा गांव के लोग सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी में कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। गांव वालों का आरोप है कि सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी में कटौती होने की वजह से उनकी हत्या हुई और वो सीधे तौर पर हत्या के लिए पंजाब सरकार को जिम्मेदार मानते हैं।

गांव में सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए

शुक्रवार सुबह से ही भगवंत मान के गांव पहुंचने को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत सिंह बनावली शुक्रवार को सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे थे जिन्हें विरोध के बाद वापस लौटना पड़ा। उसके कुछ देर बाद भगवंत मान पहुंचे तो लोगों ने विरोध किया। हालांकि सीएम भगवंत मान के पहुंचने से पहले गांव में सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए। गांव वालों ने आरोप लगाया कि सीएम के दौरे की वजह से रिश्तेदारों को भी गांव में एंट्री नहीं मिल रही है। पुलिस ने हालांकि विरोध प्रदर्शन को शांत करवाने में कामयाबी हासिल कर ली थी।

सीएम ने मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया

भगवंत मान अपने मंत्रियों के साथ अब सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिलने पहुंचे हैं। भगवंत मान ने सिद्धू मूसेवाला के परिवार को मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला के परिवार को ओर से केंद्रीय जांच एजेंसी से मामले की जांच करवाने की मांग हो रही है। परिवार का आरोप है कि सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी राजनीतिक मकसद के तहत की गई थी। बता दें कि इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिलने पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू के परिवार को पूर्ण न्याय का आश्वासन दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, सुनील जाखड़, अरविंद खन्ना भी मूसेवाला के परिवार से मिलने पहुंचे।

Latest News

Featured

Around The Web