HAU के कृषि विज्ञान केंद्र को मिला राष्ट्रीय स्तर का पुरुस्कार!

महेंद्रगढ़ कृषि विज्ञान केंद्र को नेशनल लेवल पर सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार, 730 केंद्रों को छोड़ा पीछे
 | 
केंद्र
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केन्द्र के पुरस्कार से नवाजा गया है। केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित आउटलुक शिखर सम्मेलन और स्वराज पुरस्कार-2022 कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज को यह पुरस्कार प्रदान किया।

हिसार: 15 सितम्बर

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केन्द्र पुरस्कार से नवाजा गया है। केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित आउटलुक शिखर सम्मेलन और स्वराज पुरस्कार-2022 कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज को यह पुरस्कार प्रदान किया।  

कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नवीन प्रौद्योगिकियों का खेत प्रदर्शनों के माध्यम से व्यापक प्रसार, कृषि में युवाओं को आकर्षित करना (आर्या) परियोजना के अन्तर्गत उद्यम इकाईयों की स्थापना, ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के अन्तर्गत मौसम की सटीक जानकारी किसानों तक सही समय पर पहुंचाने, कृषि में कार्यरत महिलाओं में पोषक तत्वों के प्रति संवेदनशील कृषि संसाधन और नवाचार के साथ-साथ विभिन्न प्रशिक्षणों के माध्यम से अनुसूचित जाति के युवाओं के स्वरोजगार, भूमि सुधार के लिये मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर खादों का संतुलित मात्रा में प्रयोग व सरकार द्वारा किसानों के उत्थान के लिये संचालित विभिन्न परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वन के दृष्टिगत प्रदान किया गया है। इस मौके पर कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज के साथ हकृवि के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल और कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ के वरिष्ठ संयोजक डॉ. रमेश कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने इस पुरस्कार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हरियाणा राज्य तथा हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ के वरिष्ठ संयोजक डॉ. रमेश कुमार व उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा यह विश्वविद्यालय किसानों को पूर्णत: समर्पित है। भविष्य में भी यह विश्वविद्यालय नवीन कृषि प्रौद्योगिकियों के विकास व विस्तार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए निरन्तर प्रयत्नशील रहेगा। इस मौके पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- कृषि तकनीकी अनुप्रयोग संस्थान, जोन-2, जोधपुर के निदेशक डॉ. एस.के. सिंह ने भी उक्त केन्द्र के वरिष्ठ संयोजक सहित वैज्ञानिकों और कर्मचारियों को बधाई दी।

देश के 731 कृषि विज्ञान केन्द्रों में रहा अव्वल

बता दें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ सहित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सभी 11 कृषि तकनीकी अनुप्रयोग संस्थानों से 731 कृषि विज्ञान केन्द्रों ने आवेदन किया था जिनमें से पुरस्कार के लिए उक्त केन्द्र को चुना गया।

इन माननियों की कमेटी ने किया चयन

इस पुरस्कार के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र, महेन्द्रगढ़ का चयन डा. अशोक दलवई, आईएएस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राष्ट्रीय वर्षा सिंचित क्षेत्र प्राधिकरण के नेतृत्व में प्रो. राम बदन सिंह, पद्म भूषण पूर्व कुलपति, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, इम्फाल और पूर्व अध्यक्ष राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी, डा. प्रमोद कुमार जोशी, निदेशक - दक्षिण एशिया, अंतर्राष्ट्रीय खाद्य नीति अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली, डा. संदीप कुमार नायक, आईएएस, महानिदेशक, राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार व डा. दीना नाथ ठाकुर, राष्ट्रीय अध्यक्ष, सहकार भारती की कमेटी ने किया है।

Latest News

Featured

Around The Web